जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के सट्टा नेटवर्क में गुंडा सूची वाला धम्मू खींची गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारी 12 पार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से जुड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क में राजेंद्र नगर पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गुंडा सूची में दर्ज धर्मेंद्र उर्फ धम्मू खींची भी शामिल है। यह गिरफ्तारी उस बड़े ड्रग्स और प्रॉपर्टी फ्रॉड केस की कड़ी है, जिसमें नाना पटवारी पहले से पूछताछ के दायरे में हैं।

Audio tools for this article
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से जुड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के मामले में राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने तीन नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में स्वप्नदीप शिंदे उर्फ सनी शिंदे, धर्मेंद्र उर्फ धम्मू खींची और राहुल निंबोला शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक धम्मू खींची पहले से गुंडा सूची में दर्ज है और उसके खिलाफ 8 से 10 आपराधिक मामले चल रहे हैं, जबकि राहुल निंबोला पर एक मामला दर्ज है। इन तीन गिरफ्तारियों के साथ इस केस में अब तक कुल 12 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
यह गिरफ्तारी किसी अलग-थलग सट्टा केस की नहीं, बल्कि उस बड़ी जांच का हिस्सा है जो एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले से शुरू हुई थी। पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मादक पदार्थ नाना पटवारी तक सप्लाई होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो जमीन धोखाधड़ी के साथ-साथ ऑनलाइन सट्टे का यह नेटवर्क भी उजागर हुआ। नाना पटवारी और कॉलोनाइजर सुमित मंत्री से राजेंद्र नगर पुलिस पहले भी देर रात तक पूछताछ कर चुकी है।
मोबाइल जांच से खुली नेटवर्क की परतें
मामले की जड़ नाना पटवारी के मोबाइल की जांच से जुड़ी है। पुलिस ने जब उसका फोन जब्त कर पड़ताल की, तो उसमें दो सट्टेबाजी एप मिले, जिन्हें डिलीट किया जा चुका था। तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने पर जुलाई महीने में पटवारी और उसके साथी रॉनी व गोलू के सट्टा संचालन के सुराग सामने आए। इसी कड़ी में मनीष पमनानी, पिंकेश माहेश्वरी और बंटी असरानी जैसे नाम भी जांच के दायरे में आ गए।
वाट्सऐप से चलता था आईडी-लिंक का खेल
पुलिस की जांच में सामने आया कि नेटवर्क के सदस्य वाट्सऐप के जरिए सट्टेबाजी की आईडी, पासवर्ड और एप लिंक एजेंटों व बुकियों तक पहुंचाते थे। इसके बाद यही एजेंट और बुकी आगे लिंक भेजकर आम लोगों को सट्टे से जोड़ते थे। पुलिस के अनुसार जांच में विदेशी कनेक्शन भी सामने आया है, एक लिंक कथित तौर पर दुबई के सट्टेबाजों तक ट्रेस हुई है, और कुछ अन्य देशों में बैठे लोगों के भी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि इस पूरे खेल में शुरुआत में लोगों को मोटी कमाई का लालच देकर जोड़ा जाता था, और बाद में उनकी जमा रकम हड़प ली जाती थी।
शिंदे ने ही उपलब्ध कराई थी पटवारी को आईडी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि नाना पटवारी के मोबाइल में मिली सट्टा आईडी असल में स्वप्नदीप शिंदे के नंबर और नाम पर दर्ज थी। पुलिस के मुताबिक पटवारी ने शिंदे का मोबाइल लेकर उसी में सट्टे की आईडी बनाई और वहीं से लॉगिन भी किया गया। पुलिस को धम्मू खींची और राहुल निंबोला के भी दुबई में बैठे सट्टेबाजों से सीधा संपर्क होने की जानकारी मिली है। जूनी इंदौर क्षेत्र के किक्का के इस नेटवर्क से जुड़े होने के एंगल पर भी जांच जारी है।
तीनों को दो दिन की रिमांड
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ संगठित सट्टा संचालन से जुड़ी धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस दौरान सट्टा एप, आईडी-पासवर्ड, पैसों के लेनदेन, विदेशी कनेक्शन और नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस पूछताछ में करीब 15 से 16 और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।
पुलिसकर्मियों से संपर्क के दावे, जांच जारी
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि नेटवर्क से जुड़े कुछ लोगों के क्राइम ब्रांच में तैनात पुलिसकर्मियों से संपर्क होने की बात कही जा रही है। जूनी इंदौर और भंवरकुआं क्षेत्र के कुछ बड़े सट्टेबाजों की पुलिसकर्मियों से नजदीकी और कथित संपत्ति साझेदारी की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, यह मामला जांच के दायरे में बना हुआ है।

