बीमारी से परेशान बैंक अफसर की पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, 12वीं मंजिल के फ्लैट में मिली मौत; सुसाइड नोट में बताई वजह
इंदौर के एमजी रोड इलाके में 45 वर्षीय महिला ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें महिला ने लंबे समय से चल रही शारीरिक परेशानी और उससे हुए डिप्रेशन का जिक्र किया है। इसी रात लसूड़िया इलाके में भी एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला।

Audio tools for this article
इंदौर में मंगलवार रात दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। एमजी रोड इलाके में बैंक अधिकारी की 45 वर्षीय पत्नी ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, महिला लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं।
घटना के समय उनके पति किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। जब पुलिस को सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है।
पति घर से बाहर गए थे, इसी दौरान हुई घटना
पुलिस के मुताबिक, मामला भंडारी ब्रिज के पास स्थित रूबल रेबो रेसीडेंसी का है। यहां सुप्रिया श्रीवास्तव अपने पति सुधीर श्रीवास्तव के साथ 12वीं मंजिल पर रहती थीं।
मंगलवार रात करीब 10 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय उनके पति किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान सुप्रिया ने यह कदम उठा लिया।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बिल्डिंग से नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
सुसाइड नोट में बीमारी और डिप्रेशन का जिक्र
मौके की जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। इसमें सुप्रिया ने अपनी लंबे समय से चली आ रही शारीरिक परेशानी का जिक्र किया है।
पुलिस के अनुसार, नोट में बीमारी के कारण मानसिक रूप से परेशान रहने और डिप्रेशन में जाने की बात लिखी गई है। महिला ने इसी परेशानी को अपने इस कदम की वजह बताया है।
पुलिस ने नोट को जब्त कर लिया है और उसकी सामग्री के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
बैंक अधिकारी हैं पति, बेटी बाहर पढ़ाई कर रही
सुप्रिया के पति सुधीर श्रीवास्तव बैंक में पदस्थ हैं। परिवार में उनकी एक बेटी है, जो वनस्थली में पढ़ाई कर रही है। घटना की जानकारी बेटी को भी दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलू स्पष्ट होंगे।
लसूड़िया में भी पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव
इसी दौरान इंदौर के लसूड़िया इलाके में भी एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना से पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना सेटेलाइट जंक्शन के पास खाली मैदान की बताई गई है। बुधवार रात करीब 12 बजे पुलिस को पेड़ पर शव लटके होने की जानकारी मिली थी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान दयाराम कटारिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह पास की ही कॉलोनी में रहता था।
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
दोनों घटनाओं में पुलिस अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है। एमजी रोड मामले में सुसाइड नोट जांच का अहम हिस्सा है, जबकि लसूड़िया मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
