
बड़वानी में गांजे की सबसे बड़ी जप्ती: चार खेतों से 6,185 पौधे बरामद, कीमत ₹52 लाख
बड़वानी जिले के बोरपड़ावा जंगल में पुलिस ने ड्रोन और 75 जवानों की मदद से चार खेतों में लगी अवैध गांजे की फसल पकड़ी। 10 क्विंटल 71 किलो गांजा जब्त, आरोपी मौके से फरार, वन विभाग की मदद से चिन्हित।

Audio tools for this article
बड़वानी जिले के थाना वरला क्षेत्र में पुलिस ने गांजे की अब तक की सबसे बड़ी खेप पकड़ी है। ग्राम बोरपड़ावा के जंगलों में चार अलग-अलग खेतों से 6,185 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं, जिनका कुल वजन 10 क्विंटल 71 किलोग्राम और अनुमानित बाजार कीमत ₹50 से ₹52 लाख के बीच बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर रवाना हुई टीम
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में 10 सितंबर को एक मुखबिर ने थाना प्रभारी वरला को सूचना दी कि बोरपड़ावा के जंगलों में खेतों में गांजे की खेती की जा रही है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर ली गई।
75 जवान, ड्रोन और छद्म वेश में पहुंची टीम
पुलिस लाइन बड़वानी से करीब 45 और पुलिस अनुभाग सेंधवा से करीब 30 जवानों को मौके पर भेजा गया। सूचना लीक न हो, इसके लिए टीम ने पिकअप वाहन को त्रिपाल से ढककर जंगल में प्रवेश किया और ड्रोन से इलाके की निगरानी की। सर्चिंग के दौरान चार खेतों में गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस वाहनों को देखते ही आरोपी मौके से भाग निकले, जिसके बाद चार अलग-अलग टीमों ने खेतों में कार्रवाई कर पौधे जब्त किए।
वन भूमि होने से बुलानी पड़ी रेंजर की टीम
चूंकि जमीन वन क्षेत्र सिरवेल रेंज (जिला खरगोन) के अधीन आती है, पुलिस ने तुरंत रेंजर कनेश से संपर्क किया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खेतों की टोपोग्राफी के आधार पर आरोपियों की पहचान का काम शुरू किया। पुलिस के मुताबिक रिकॉर्ड के जरिए आरोपियों की पहचान अलग से की जाएगी और नियमानुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई होगी।

सभी चार मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
किसकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल और थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओमप्रकाश चौंगड़ की अगुवाई में उनि. महेन्द्रसिंह चौहान, उनि. सी.एल. चौहान, उनि. संजीव पाटिल, उनि. स्वदेश कुमरावत, उनि. रामेशचन्द्र सावले, सउनि. गुजरा बारिया और सउनि. शिवराम चौहान समेत थाना वरला, सेंधवा ग्रामीण व पुलिस लाइन बड़वानी के जवानों ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, यह क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जप्ती है। पहले भी मुखबिर सूचना के आधार पर इलाके में इसी तरह की कार्रवाइयां हो चुकी हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया अभी जारी है।