बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद का खूनी अंत: कैब ड्राइवर ने पत्नी, सास और दो सालों समेत 7 लोगों को मार डाला
बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद के चलते कैब ड्राइवर इंदुशेखर पर पत्नी, सास, दो सालों, दो सालियों और सात साल के बच्चे की हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक बच्चे का शव बरामद हुआ है, जबकि अन्य शवों की तलाश जारी है।

बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि एक ही परिवार के सात लोगों की जान चली गई। पत्नी के मायके जाने और अपने ससुराल पक्ष से लगातार संपर्क रखने से नाराज एक कैब ड्राइवर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, सास, दो सालों, दो सालियों और एक सात साल के बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को दो दिनों में अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए घर की सफाई भी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ है, जबकि बाकी शवों की तलाश जारी है।
पत्नी से विवाद बना सामूहिक हत्याकांड की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। उसकी शादी सुनीता से करीब 20 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि सुनीता का अपने मायके जाना और मां-भाइयों से लगातार संपर्क रखना आरोपी को पसंद नहीं था।
परिवार के लोगों ने कई बार दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस को आशंका है कि इसी नाराजगी में आरोपी ने पूरे ससुराल पक्ष को खत्म करने की साजिश रची।
पहले पत्नी की हत्या, फिर पार्टी के बहाने बुलाए साले
जांच में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की कथित तौर पर सिलबट्टे से हत्या की। इसके बाद शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास फेंक दिया। किसी को शक न हो, इसलिए उसने सुनीता का मोबाइल फोन बंद कर दिया और पड़ोसियों को बताया कि वह घूमने गई है।
इसके अगले दिन आरोपी ने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया। यहां उसने कथित तौर पर दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, अपनी सास रूपवती और सात वर्षीय बच्चे पुनीत को भी निशाना बनाया।
घर में खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल
वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर घर में फैले खून के निशान मिटाने के लिए रसायनों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने शवों को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली है। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा भी बरामद किया गया है।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब परिवार के सदस्यों के लापता होने पर नालिनी की मां ने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
नंदी हिल्स के पास मिला सात साल के बच्चे का शव
पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान शंकर के सात वर्षीय बेटे पुनीत का शव बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में परिवार के सभी सात लोगों की हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस उसके दावों की पुष्टि करने के लिए बाकी शवों की तलाश कर रही है।
बेटी की भूमिका समेत कई पहलुओं की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने में आरोपी की किसी अन्य व्यक्ति ने मदद तो नहीं की। जांच में उसकी बेटी की संभावित भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस यह भी समझने की कोशिश कर रही है कि रिहायशी इलाके में स्थित घर में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन आसपास के लोगों को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बाकी शवों की बरामदगी और हत्या के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
