NRS अस्पताल नर्स मौत: वॉशरूम में बेहोश मिलीं रूपाली बर्मन, इलाज के दौरान गई जान, संदिग्ध दवा मिलने से बढ़ा रहस्य
कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज में नाइट ड्यूटी के दौरान नर्स रूपाली बर्मन वॉशरूम में बेहोश मिलीं, इलाज के दौरान मौत हो गई. शव पर चोट के निशान नहीं, लेकिन बेहोश करने वाली दवा बरामद. DD Homicide Department और स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग जांच शुरू, CCTV फुटेज खंगाली जा रही.

Audio tools for this article
वॉशरूम में बेहोश मिलीं नर्स, इलाज के दौरान मौत
कोलकाता के नील रतन सरकार मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NRS) में नाइट ड्यूटी के दौरान 30 वर्षीय स्टाफ नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान रूपाली बर्मन के रूप में हुई है, जो दमदम इलाके में अपने पति के साथ रहती थीं. ड्यूटी के दौरान वह अस्पताल के वॉशरूम में गई थीं, जहां वह बेहोशी की हालत में मिलीं. साथी कर्मचारियों ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया. रूपाली को बाहर निकालकर तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है.
रात 10:20 बजे गई थीं वॉशरूम, देर तक जवाब न मिलने पर टूटा दरवाजा
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रूपाली बर्मन बुधवार रात 8 बजे ड्यूटी पर पहुंची थीं. ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने स्त्री रोग विभाग की हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) की नर्सिंग स्टेशन पर रिपोर्ट किया और एक मरीज की देखभाल भी की. पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:20 बजे वह HDU के वॉशरूम में गईं. काफी देर तक वापस न लौटने पर सहकर्मियों ने उन्हें आवाज लगानी शुरू की, कई बार बुलाने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा गया.
फर्श पर बेहोश मिलीं, ट्रॉली पर ले जाया गया इलाज के लिए
दरवाजा खुलने पर रूपाली अंदर फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं. सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत ट्रॉली पर रखा और जांच के बाद इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका. शव को बाद में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.
शव पर चोट के निशान नहीं, संदिग्ध दवा मिलने से उलझा मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में शव पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. मौके से किसी सुसाइड नोट के बरामद होने की भी जानकारी नहीं है. हालांकि सूत्रों का कहना है कि मौके से कुछ ऐसी दवा भी मिली है जिसका इस्तेमाल बेहोश करने के लिए किया जा सकता है, लेकिन इसका मौत से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है और मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, दो अलग जांच शुरू
वॉशरूम के बाहर लगे CCTV कैमरे में रूपाली के अंदर जाने के बाद की घटनाओं का कुछ हिस्सा रिकॉर्ड हुआ बताया जा रहा है. पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच अब कोलकाता पुलिस के DD Homicide Department ने अपने हाथ में ले ली है, फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल से सबूत जुटा रही है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने भी अलग से जांच शुरू करते हुए एक जांच समिति गठित की है.




