इंदौर में नशे के खिलाफ पुलिस का एक्शन, 3 लाख से ज्यादा की MD ड्रग्स और गांजा जब्त; दो गिरफ्तार
इंदौर में खजराना और सदर बाजार पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी से 21 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स और दूसरे से 836 ग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों मामलों में एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

इंदौर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खजराना और सदर बाजार पुलिस की कार्रवाई में तीन लाख रुपये से अधिक कीमत का मादक पदार्थ जब्त किया गया। पुलिस ने एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया है।
दोनों कार्रवाइयों की जानकारी एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने दी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
खजराना में 21 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स जब्त
खजराना पुलिस ने सादिक उर्फ नेता नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक गार्डन के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर टीम ने युवक की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 21 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स बरामद हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी नशे की लत और जल्द पैसा कमाने के लिए मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ा था। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
सदर बाजार पुलिस ने गांजा तस्कर को पकड़ा
दूसरी कार्रवाई सदर बाजार थाना पुलिस ने की। यहां यूनुस नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 836 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स की जांच की जाएगी। इनके जरिए मादक पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और किन लोगों तक पहुंचाए जा रहे थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।




