इंदौर: फूटी कोठी सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम, विक्रेताओं ने किया विरोध
इंदौर के फूटी कोठी क्षेत्र में सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को विक्रेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। रोजगार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए सब्जी विक्रेताओं ने उचित वैकल्पिक स्थान देने की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।

इंदौर के फूटी कोठी क्षेत्र में सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को सब्जी विक्रेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में विक्रेता एकजुट होकर प्रदर्शन करने लगे। उनके समर्थन में कांग्रेस के नेता और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भी मौके पर पहुंचे।
रोजगार प्रभावित होने की जताई चिंता
नगर निगम पिछले कुछ दिनों से मंडी हटाने की तैयारी कर रहा था। कार्रवाई के दौरान सब्जी विक्रेताओं ने विरोध जताते हुए कहा कि मंडी हटने से उनका रोजगार प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उन्हें पहले उचित वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार का भरण-पोषण प्रभावित न हो।
मौके पर तैनात रहा पुलिस बल
विरोध और हंगामे की आशंका को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम और प्रशासन की टीम ने विक्रेताओं को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भी विक्रेताओं की मांगों का समर्थन किया।
फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर विक्रेताओं की प्रमुख मांग यही है कि मंडी हटाने से पहले उनके रोजगार के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।



