एक हफ्ते पहले लगाए पेवर्स, बारिश में धंस गई नसिया रोड! कहीं 3 फीट तक गड्ढे, ट्रैफिक ने बढ़ाई परेशानी
इंदौर की नसिया रोड पर ड्रेनेज लाइन डालने के बाद करीब एक सप्ताह पहले लगाए गए पेवर्स बारिश के बाद कई जगह धंस गए। व्यापारियों का दावा है कि कुछ हिस्सों में करीब 3 फीट तक गड्ढे हो गए हैं। छावनी क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण के कारण बढ़े ट्रैफिक से परेशानी और बढ़ गई है।

Audio tools for this article
इंदौर में बारिश के बाद सड़कें धंसने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब नसिया रोड पर ड्रेनेज लाइन के बाद किया गया सड़क का काम सवालों के घेरे में है। करीब एक सप्ताह पहले लगाए गए पेवर्स सोमवार की बारिश के बाद कई जगह नीचे बैठ गए।
कहीं सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई है तो कहीं गहरे गड्ढे बन गए हैं। व्यापारियों के मुताबिक कुछ हिस्सों में पेवर्स करीब तीन फीट तक धंस चुके हैं। व्यस्त कारोबारी मार्ग होने के कारण इसका सीधा असर वाहनों की आवाजाही पर पड़ रहा है।
छावनी का ट्रैफिक भी नसिया रोड पर बढ़ा
नसिया रोड पर दिनभर दुकानदारों, ग्राहकों और लोडिंग वाहनों की आवाजाही रहती है। इसी बीच पास के छावनी क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम चल रहा है, जिसके चलते इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है।
सड़क की खराब स्थिति के बीच बढ़ी आवाजाही से वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटना का खतरा बढ़ने की बात व्यापारी कह रहे हैं।
ड्रेनेज लाइन के बाद डाले गए थे पेवर्स
नसिया रोड व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल जैन के मुताबिक मास्टर प्लान की सड़क में नसिया रोड भी शामिल है और इसी के तहत यहां विकास कार्य चल रहा है।
उनके अनुसार ड्रेनेज लाइन डालने के बाद करीब एक सप्ताह पहले सड़क के बीच पेवर्स लगाए गए थे। सोमवार की बारिश के बाद कई जगह पेवर्स धंस गए।
व्यापारियों का कहना है कि सड़क की सतह कहीं नीचे बैठ गई है और कहीं पेवर्स ऊपर-नीचे हो गए हैं, जिससे वाहन निकालना मुश्किल हो रहा है।
मार्च में शुरू हुआ था ड्रेनेज का काम
व्यापारी रितेश विरानी के मुताबिक उनकी फर्म करीब 40 साल से नसिया रोड पर है। उन्होंने बताया कि ड्रेनेज लाइन डालने का काम मार्च में शुरू हुआ था, लेकिन बीच में करीब दो महीने तक काम बंद रहा।
विरानी के अनुसार शुरुआत में अंडरग्राउंड लाइन डाले जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन बाद में ओवरग्राउंड लाइन डाली गई।
उनका कहना है कि पिछले एक सप्ताह में सड़क पर बने गड्ढों के कारण हादसे की स्थिति बन रही है। व्यापारियों ने शिकायत और समस्या की जानकारी साझा करने के लिए सोशल मीडिया ग्रुप भी बनाया है, जिसमें ठेकेदार और निगम के अधिकारी जुड़े हुए हैं।
शिकायत के बाद भी सुधार नहीं, ठेकेदार ने बताई लेबर की कमी
व्यापारी विनोद कुमार पगारिया ने बताया कि वह करीब 20 साल से यहां कारोबार कर रहे हैं। उनके मुताबिक छावनी रोड पर निर्माण कार्य के कारण वहां का ट्रैफिक भी नसिया रोड की तरफ आ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि कुछ जगह पेवर्स करीब तीन फीट तक धंस गए हैं। समस्या की शिकायत करने के बावजूद तत्काल सुधार नहीं हुआ।
पगारिया के मुताबिक ठेकेदार से बात करने पर उसने काम के लिए पर्याप्त लेबर उपलब्ध नहीं होने की बात कही।
इंदौर में पहले भी धंस चुकी हैं सड़कें
नसिया रोड की घटना इंदौर में सड़क धंसने का पहला मामला नहीं है। इससे पहले गोराकुंड चौराहे के पास पानी सप्लाई की टेस्टिंग के दौरान सड़क धंस गई थी।
बंगाली चौराहे पर भी सड़क धंसने से करीब चार फीट गहरा गड्ढा बन गया था। वहीं गाड़ी अड्डा क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती के पास सड़क धंसने से करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बनने की घटना सामने आई थी।
इन मामलों के बाद संबंधित स्थानों पर सुधार कार्य कराया गया था। अब नसिया रोड पर महज एक सप्ताह पुराने पेवर्स के धंसने से सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।