इंदौर में तमिलनाडु CM विजय के नाम पर ठगी, ‘फाउंडेशन से मदद’ का झांसा देकर खाली हो रहे बैंक अकाउंट
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) और उनके फाउंडेशन के नाम पर इंदौर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉल और लिंक के जरिए लोन व आर्थिक मदद का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे वसूले जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच और साइबर सेल को अब तक करीब आधा दर्जन शिकायतें मिल चुकी हैं।

Audio tools for this article
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, जिन्हें थलपति विजय के नाम से जाना जाता है, उनके नाम और उनके फाउंडेशन का इस्तेमाल कर साइबर ठग इंदौर के लोगों को निशाना बना रहे हैं। जोसेफ विजय ने 10 मई 2026 को तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) पार्टी के संस्थापक के तौर पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल के पास करीब आधा दर्जन शिकायतें पहुंच चुकी हैं, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे हो रही है कथित ठगी
आरोप है कि साइबर ठग लोगों को फोन कर खुद को मुख्यमंत्री विजय के फाउंडेशन से जुड़ा कर्मचारी बताते हैं। इसके बाद बिजनेस लोन, एजुकेशन लोन, स्टार्टअप लोन और विदेश में पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया जाता है।
शिकायतों के मुताबिक, शुरुआत मोबाइल पर भेजे गए एक लिंक से होती है, जिस पर व्यक्ति को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने को कहा जाता है। इसके बाद कथित तौर पर GST, ऑनलाइन प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए जाते हैं।
इंदौर पुलिस, तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में
शिकायतें मिलने के बाद इंदौर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस लगातार तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में है और आरोपियों व नेटवर्क से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है। दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर इस कथित नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
पुलिस की अपील: अनजान कॉल-लिंक पर भरोसा न करें
इंदौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री या उनके फाउंडेशन के नाम से आने वाले किसी भी अनजान फोन कॉल पर भरोसा न करें। पुलिस ने किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और बैंक डिटेल, OTP या निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी है।
