उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारी: रेलवे ने हटाए 6 से ज्यादा धार्मिक निर्माण, 15 हजार वर्गफीट जमीन कराई खाली
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन के माधव नगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। प्लेटफॉर्म नंबर 8 के नजदीक 6 से अधिक मजार, मस्जिद, मकबरे और अन्य निर्माण हटाए गए। करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन खाली कराई गई है, जहां श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा।

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार सुबह रेलवे ने माधव नगर रेलवे स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। प्लेटफॉर्म नंबर 8 के नजदीक रेलवे की जमीन पर बने 6 से अधिक मजार, मस्जिद, मकबरे और अन्य निर्माण जेसीबी की मदद से हटाए गए। कार्रवाई के बाद करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन खाली कराई गई।
सुबह 5 से 11 बजे तक चली कार्रवाई
रेलवे की टीम ने सुबह करीब 5 बजे कार्रवाई शुरू की, जो 11 बजे तक चली। इसके लिए 6 जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं। किसी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर 100 से अधिक RPF जवान तैनात रहे।
कार्रवाई के दौरान रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। इनमें एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे शामिल थे। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक, हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया
रेलवे के अनुसार, खाली कराई गई 15 हजार वर्गफीट जमीन पर सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों को व्यवस्थित रखने और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी।
सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। ऐसे में रेलवे स्टेशन के आसपास उपलब्ध जमीन का इस्तेमाल यात्रियों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण होगा।




