इंदौर में अवैध बाइक टैक्सियों पर प्रशासन का शिकंजा, 200 वाहनों की जांच में 53 के चालान
इंदौर में रैपिडो, ओला, उबर और जुगनू जैसे प्लेटफॉर्म से संचालित बाइक टैक्सियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। 200 वाहनों की जांच में 53 नियमों का उल्लंघन करते मिले। 20 चालकों से 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

रैपिडो-ओला-उबर बाइक टैक्सियों की जांच, 53 वाहनों पर कार्रवाई
शहर की सड़कों पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रही बाइक टैक्सियों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिना जरूरी अनुमति और निर्धारित नियमों का पालन किए यात्रियों को लाने-ले जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में 200 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 53 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
रैपिडो, ओला, उबर और जुगनू जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित बाइक टैक्सियां जांच के दायरे में रहीं। शहर के अलग-अलग स्थानों पर की गई अचानक जांच से बाइक टैक्सी चालकों में हड़कंप मच गया।
200 वाहनों की जांच, 53 के कटे चालान
संयुक्त जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने दोपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की पड़ताल की। खासतौर पर उन वाहनों की जांच की गई, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के जरिए यात्रियों को लाने-ले जाने में किया जा रहा था।
टीम ने वाहनों के पंजीयन, बाइक टैक्सी संचालन की वैधानिक अनुमति और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 53 वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
20 चालकों से 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला
कार्रवाई के दौरान 53 वाहनों के चालान काटे गए। इनमें से 20 वाहन चालकों ने निर्धारित जुर्माना राशि जमा कर दी। इसके बाद उनके वाहन छोड़ दिए गए। विभाग के अनुसार, इन चालकों से कुल 60 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। शेष वाहनों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
प्रशासन की चिंता केवल परिवहन नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है। बिना निर्धारित अनुमति बाइक टैक्सी चलने से यात्रियों की सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। इसी को देखते हुए अधिकारियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से संचालित दोपहिया वाहनों की जांच पर विशेष ध्यान दिया।
आरटीओ प्रदीप शर्मा के मुताबिक, नियमों की अनदेखी कर बाइक टैक्सी चलाने वालों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया है। शहर में अवैध बाइक टैक्सी संचालन पर रोक लगाने के लिए आगे भी औचक जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

