नपा अध्यक्ष उपचुनाव स्थगित, नामांकन शुरू होने से पहले आयोग का बड़ा फैसला
टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद का उपचुनाव राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही 8 सितंबर से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया भी रोक दी गई है। ग्रामीण पंचायतों के चुनाव अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे।

Audio tools for this article
टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए चुनावी तैयारियां शुरू हो चुकी थीं और मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी थी। इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश ने पूरा चुनाव कार्यक्रम रोक दिया। आयोग ने नगरीय निकाय अध्यक्ष के उपचुनाव को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रोतिय ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। आयोग के निर्देश के बाद 8 सितंबर से होने वाली नामांकन फार्म वितरण और नामांकन की प्रक्रिया भी रद्द कर दी गई है। अब नगरीय निकाय उपचुनाव के लिए नया कार्यक्रम जारी होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
ग्रामीण पंचायतों के चुनाव पर असर नहीं
नगरीय निकाय उपचुनाव स्थगित होने के बावजूद ग्रामीण पंचायतों की चुनाव प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पंचायतों के निर्वाचन पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक ही होंगे।
वित्तीय गड़बड़ियों के बाद खाली हुआ अध्यक्ष पद
टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार को वित्तीय गड़बड़ियों के मामले में अयोग्य घोषित किए जाने के बाद अध्यक्ष पद खाली हुआ था। उनके चुनाव लड़ने पर छह साल की रोक भी लगाई गई है।
अध्यक्ष पद रिक्त होने के बाद डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा को नगर पालिका का प्रभारी अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद खाली पद पर उपचुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू हुई।
31 जुलाई को घोषित हुआ था चुनाव कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग ने 31 जुलाई को नगर पालिका अध्यक्ष के उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया था। इसके बाद कलेक्टर ने 1 सितंबर को नगरीय चुनाव की आचार संहिता लागू कर दी थी।
पिछले कुछ दिनों से भाजपा और कांग्रेस में अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी हलचल तेज थी। कई दावेदार अपनी दावेदारी सामने रख चुके थे। चुनाव स्थगित होने से अब इन तैयारियों पर फिलहाल विराम लग गया है।
29 सितंबर को होना था मतदान
पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक 8 सितंबर से 18 सितंबर तक नाम निर्देशन की प्रक्रिया प्रस्तावित थी। नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 18 सितंबर तय थी। इसी दिन नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की सूची और चुनाव चिह्नों का आवंटन होना था।
इसके बाद 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाना था। मतगणना और परिणाम की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से प्रस्तावित थी।
अब पूरा कार्यक्रम स्थगित होने के कारण ये सभी तारीखें प्रभावी नहीं रहेंगी।
आयोग के आदेश के बाद अब नए सिरे से शेड्यूल होगा चुनाव
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी पत्र के मुताबिक राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने नगरीय निकायों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) को आगामी आदेश तक स्थगित करने की जानकारी दी है।
मध्यप्रदेश नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 23 के साथ नियम 11-क के तहत अब उपचुनाव को नए सिरे से री-शेड्यूल किया जाएगा।
नई तारीख आने तक दावेदारों को करना होगा इंतजार
आयोग के निर्देश के बाद जिले में नगरीय निकाय उप निर्वाचन की सूचना फिलहाल जारी नहीं की गई है। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए तैयारी कर रहे दावेदारों को अब नए चुनाव कार्यक्रम का इंतजार करना होगा।
नई तारीखें जारी होने के बाद ही नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रक्रिया दोबारा आगे बढ़ेगी।