AAP की प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में शामिल, बोलीं- मुझे वो दिल्ली वापस चाहिए; जॉइनिंग के बाद पार्टी पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ अब कांग्रेस का हिस्सा बन गई हैं। कांग्रेस में शामिल होते ही उन्होंने दिल्ली को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं और AAP की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

Audio tools for this article
आम आदमी पार्टी की जिस आवाज को लंबे समय तक टीवी डिबेट और प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी का पक्ष रखते देखा गया, वह अब कांग्रेस के मंच से नजर आएगी। AAP की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार को कांग्रेस की सदस्यता ले ली। दिल्ली में हुई जॉइनिंग के दौरान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, राजीव शुक्ला और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव मौजूद रहे।
प्रियंका कक्कड़ 2023 से AAP की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता की भूमिका में थीं और राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखती रही हैं। अब उनके कांग्रेस में जाने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका बदल गई है।
कांग्रेस में आते ही बताया अपना एजेंडा
कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने दिल्ली को अपने फैसले की प्रमुख वजह बताया। उन्होंने कहा कि वह ऐसी दिल्ली चाहती हैं, जिसमें साफ-सफाई हो, हरियाली हो, विकास हो और लोग सुरक्षित महसूस करें।
उन्होंने कहा कि वह ऐसी दिल्ली में पली-बढ़ी हैं और अब उन्हें वही दिल्ली वापस चाहिए। प्रियंका ने यह भी कहा कि राजनीति में एक दशक से ज्यादा समय बिताने के बाद उन्हें लगता है कि कांग्रेस दिल्ली को उस दिशा में ले जा सकती है।
राहुल गांधी की खुलकर तारीफ
कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका ने राहुल गांधी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीति में राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो प्रमाणिकता से बात करते हैं और अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटते।
प्रियंका ने दावा किया कि राहुल गांधी को कमजोर करने के लिए काफी राजनीतिक दबाव बनाया गया, लेकिन उन्होंने और कांग्रेस ने अपना रुख बनाए रखा। ये बातें उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के बाद अपने संबोधन में कहीं।
AAP छोड़ने की वजह भी बताई
प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि AAP में शुरुआत में ऐसे कई लोग आए थे, जिनकी पार्टी के निर्माण में भूमिका रही, लेकिन समय के साथ उनमें से कई लोग पार्टी के साथ नहीं रहे।
उन्होंने पार्टी के शुरुआती वादों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय बंगला और गाड़ी नहीं लेने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में प्राइवेट ट्रैवल के लिए चॉपर के इस्तेमाल जैसी चीजें सामने आईं। प्रियंका ने कहा कि वह अब ऐसी चीजों का बचाव नहीं कर सकतीं।
नए चेहरों को लेकर भी उठाए सवाल
प्रियंका ने AAP में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर भी टिप्पणी की। उनका आरोप था कि ऐसे लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, जिन्होंने पार्टी के जमीनी स्तर पर काम नहीं किया।
उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर बड़े पद, बंगला और गाड़ी जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका के इन बयानों को AAP से उनके अलग होने की वजहों से जोड़कर देखा जा रहा है।
साथ में पूर्व विधायक और अन्य नेता भी कांग्रेस में आए
कांग्रेस के मुताबिक प्रियंका कक्कड़ के साथ रजत राकेश टंडन और पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने भी पार्टी की सदस्यता ली। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन नेताओं के शामिल होने की जानकारी साझा की।
AAP ने 2023 में प्रियंका कक्कड़ को राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाया था। पार्टी के मुताबिक वह 2013 से AAP से जुड़ी थीं और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा चुकी थीं।