इंदौर की फार्म विला कॉलोनी में तेंदुआ, CCTV में कैद; बिहाड़िया में दहशत, वन विभाग की टीम रवाना
फार्म हाउसों से घिरे बिहाड़िया इलाके में तेंदुए की बार-बार मौजूदगी ने रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। CCTV फुटेज मिलने के बाद वन विभाग ने इलाके में सर्चिंग शुरू करने की तैयारी की है।

Audio tools for this article
इंदौर के बिहाड़िया इलाके में सोमवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फार्म विला कॉलोनी में तेंदुआ घूमता हुआ कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। ग्राम पंचायत के पीछे स्थित इस कॉलोनी में तेंदुए की मौजूदगी का पता CCTV फुटेज सामने आने के बाद चला। रहवासियों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है, जब यहां जंगली जानवर दिखाई दिया हो। इससे पहले भी सितंबर में दो अलग-अलग तारीखों पर तेंदुआ कैमरे में कैद हो चुका है। लगातार हो रही गतिविधियों के चलते अब आसपास रहने वाले लोगों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
रात में कॉलोनी के भीतर घूमता दिखा तेंदुआ
फार्म विला कॉलोनी करीब 28 एकड़ में फैली हुई है और यहां 25 से ज्यादा फार्म हाउस बने हैं। सोमवार रात तेंदुआ कॉलोनी के अंदर घूमता नजर आया। CCTV में रिकॉर्ड हुई तस्वीरों से उसके मूवमेंट की जानकारी जुटाई जा रही है। रहवासियों का कहना है कि तेंदुआ आसपास के इलाके में ही छिपा हो सकता है, इसलिए रात के समय आवाजाही को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।
सितंबर में भी दो बार कैमरे में आया था
रहवासियों के अनुसार 16 और 18 सितंबर को भी इसी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी CCTV कैमरों में दर्ज हुई थी। लगातार तीसरी बार नजर आने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। आसपास की दूसरी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई है, ताकि रात के समय खुले इलाकों और सुनसान रास्तों पर अनावश्यक आवाजाही से बचा जा सके।
सूचना मिलते ही वन विभाग ने शुरू की तैयारी
तेंदुए के दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी गई है। इसके बाद टीम मौके के लिए रवाना हुई है। वनकर्मी CCTV फुटेज के आधार पर तेंदुए की संभावित लोकेशन, उसके आने-जाने के रास्ते और आसपास के क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेंगे। सर्चिंग के दौरान यह पता लगाने की कोशिश होगी कि तेंदुआ अभी कॉलोनी के आसपास मौजूद है या किसी दूसरी दिशा में निकल चुका है।
रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील
वन विभाग की टीम इलाके में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखेगी। वहीं रहवासियों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है। फार्म हाउस और खुले क्षेत्र होने के कारण तेंदुए के मूवमेंट को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है। अब सर्चिंग के बाद ही स्पष्ट होगा कि तेंदुआ किस क्षेत्र में मौजूद है और उसके मूवमेंट का दायरा कितना है।