बांग्लादेश में हिंसा का फिर विस्फोट! ढाका समेत कई जिलों में बम धमाके, बस में जिंदा जला ड्राइवर
बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा और आगजनी की घटनाओं ने हालात तनावपूर्ण कर दिए हैं। राजधानी ढाका समेत कई जिलों में बसों को आग के हवाले किया गया और देसी बम धमाके हुए। फरीदपुर में बस के अंदर सो रहे 60 वर्षीय ड्राइवर की आग में जलने से मौत हो गई। पुलिस ने हिंसा और हमलों के सिलसिले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।

सड़कों पर आग, शहरों में धमाके... बांग्लादेश में फिर हिंसा का तांडव, बस में सो रहे ड्राइवर की जलकर मौत
बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा की लपटें तेज हो गई हैं। राजधानी ढाका से लेकर फरीदपुर, सावर और गाजीपुर तक आगजनी और बम धमाकों की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपद्रवियों ने कई बसों को निशाना बनाया। सबसे दर्दनाक घटना फरीदपुर में सामने आई, जहां बस के अंदर सो रहे 60 वर्षीय ड्राइवर को आग में जिंदा जलना पड़ा। एक के बाद एक सामने आई घटनाओं से सार्वजनिक परिवहन और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बस के अंदर सो रहा था ड्राइवर, आग ने नहीं दिया संभलने का मौका
फरीदपुर के गोलचामत नए बस स्टैंड के पास सोमवार तड़के एक खड़ी बस में आग लगा दी गई। उस समय 60 वर्षीय ड्राइवर मोहम्मद कालाचन शेख बस के अंदर सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो गया। दमकलकर्मियों ने उन्हें बस से बाहर निकालकर फरीदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पेट्रोल बम से यूनिवर्सिटी की बस पर हमला
हिंसा की एक अन्य घटना झेनैदाह में हुई, जहां इस्लामिक यूनिवर्सिटी के करीब 35 विद्यार्थियों को लेकर जा रही डबल डेकर बस पर पेट्रोल बम फेंका गया। 'दिगंता' नाम की यह बस शैल्कूपा उपजिला के ड्रैगन बागान इलाके से गुजर रही थी। राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
ढाका में धमाके, कई इलाकों में बसों को बनाया निशाना
राजधानी ढाका में भी हालात सामान्य नहीं रहे। मोहम्मदपुर के टोक्यो स्क्वायर के सामने रात करीब 9:15 बजे दो बम धमाके हुए। इसके अलावा मीरपुर-11 में बसुमती परिवहन की बस को आग के हवाले कर दिया गया।
सावर में ढाका-अरिचा हाईवे के किनारे खड़ी दो बसों में आग लगाई गई। वहीं, ढाका के फार्मगेट मेट्रो स्टेशन के नीचे लवली परिवहन की बस को भी निशाना बनाया गया। गाजीपुर के कालियाकैरे उपजिला में ढाका-तंगेल राजमार्ग के पास चंद्र इलाके में खड़ी दो बसें जला दी गईं।
बनश्री, मोहाखाली, ढाका यूनिवर्सिटी कैंपस और चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के बाहर भी देसी बम धमाकों की खबरें सामने आईं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
160 चेकपॉइंट बनाए, 19 लोगों की गिरफ्तारी
लगातार हमलों के बाद ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राजधानी के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में 160 नए चेकपॉइंट बनाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
'द डेली स्टार' की रिपोर्ट के मुताबिक, डीएमपी के डिप्टी कमिश्नर (मीडिया) अख्तर हुसैन ने बताया कि पिछले 24 घंटों में धमाकों और हमलों के सिलसिले में कम से कम 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सबसे बड़ा सवाल, कब थमेगी हिंसा?
एक के बाद एक बसों में आगजनी, पेट्रोल बम हमले और सार्वजनिक स्थानों पर धमाकों ने बांग्लादेश में सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। सबसे गंभीर बात यह है कि इन घटनाओं में आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है। फरीदपुर में एक ड्राइवर की मौत इस हिंसा की सबसे भयावह तस्वीर बनकर सामने आई है। अब पुलिस की जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद ही हमलों के पीछे की वजह और जिम्मेदार लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
