सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का संभाग आयुक्त ने किया निरीक्षण
सिंहस्थ-2028 से पहले उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के कामों को गति देने के निर्देश दिए गए हैं। संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने केटीएम शोरूम से नीलगंगा चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण कर अतिरिक्त मशीनरी लगाने और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने को कहा।

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास का काम तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने केटीएम शोरूम से नीलगंगा चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त ने शांति नगर की ओर पुलिया को व्यवस्थित तरीके से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही नाले पर बनी संरचना हटाकर सड़क के दोनों ओर नालियां बनाने और निर्माण कार्य में अतिरिक्त मशीनरी लगाने को कहा, ताकि काम में तेजी लाई जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर
संभाग आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए।
सिंहस्थ-2028 को देखते हुए शहर की सड़कों और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।




