राजबाड़ा बस हादसे के बाद तोड़फोड़ में 3 पर FIR, CCTV से और आरोपियों की तलाश, दो लोगों की गई थी जान
इंदौर के राजबाड़ा में पीएम सेवा बस से हुए हादसे के बाद सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कंपनी के सुपरवाइजर की शिकायत पर तीन युवक नामजद हुए हैं, जबकि फुटेज से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

Audio tools for this article
इंदौर के राजबाड़ा में दो लोगों की जान लेने वाले बस हादसे के बाद अब पुलिस ने घटनास्थल पर हुई तोड़फोड़ की अलग जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर दुर्घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने बस को निशाना बनाया था। एमजी रोड पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। पुलिस अब घटनास्थल के वीडियो और CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि तोड़फोड़ में शामिल दूसरे लोगों की भी पहचान की जा सके।
तीन युवकों पर भीड़ को उकसाने और पथराव का आरोप
एमएस कांबिंग कंपनी के सुपरवाइजर तशील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने बस पर पथराव शुरू कर दिया। शिकायत में अभिषेक ठाकुर, विजय यादव और पंकज पर लोगों को उकसाने तथा बस में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है।
पथराव से बस के शीशे टूट गए और वाहन को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों को नामजद किया है। जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके नाम भी प्रकरण में जोड़े जा सकते हैं।
ड्राइवर ने पूछताछ में बताई हादसे की वजह
दुर्घटना के बाद बस चालक धनराज गांगले को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि उसने बस का हैंडब्रेक नहीं लगाया था। इसी दौरान ऑटोमेटिक बस का एक्सीलेटर दब गया और वाहन की चपेट में लोग आ गए।
हालांकि, यह चालक का शुरुआती बयान है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और उसमें किस स्तर पर लापरवाही रही, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
दो लोगों की मौत, तीसरे का इलाज जारी
राजबाड़ा में एआईसीटीसीएल की पीएम सेवा के तहत संचालित बस से हुए हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। इनमें छोटू उर्फ गणेश और जितेंद्र शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। तीसरे घायल राधेश्याम का उपचार जारी है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। इसी दौरान बस के कांच तोड़े गए। पुलिस अब दुर्घटना और उसके बाद हुई तोड़फोड़ से जुड़े घटनाक्रम की अलग-अलग जांच कर रही है।
खालसा चौक पर ट्रक ने बैंक कर्मचारी को कुचला
इंदौर में रविवार रात एक अन्य सड़क दुर्घटना में बैंक कर्मचारी सुनील सेन की मौत हो गई। लसूड़िया थाना क्षेत्र के खालसा चौक पर रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही जान चली गई।
सुनील पुत्र प्रेमसिंह सेन सिंगापुर ग्रीन में रहते थे और एयू स्मॉल फाइनेंस में कार्यरत थे। वह करीब दस वर्षों से इंदौर में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं, जबकि माता-पिता और भाई शुजालपुर में रहते हैं। पुलिस टक्कर मारने वाले ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।
