धीरेंद्र शास्त्री पर बाबा रामदेव का तीखा हमला, बोले- पाखंडी और धूर्त; राम-कृष्ण विवाद पर फिर घिरे बागेश्वर बाबा
योगगुरु बाबा रामदेव ने झारखंड के जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कथावाचकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर इशारा करते हुए उन्हें पाखंडी, ढोंगी और धूर्त कहा। रामदेव की नाराजगी की वजह भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना वाला बयान और धर्म के नाम पर भूत-प्रेत बाधा के जरिए लोगों को प्रभावित करने का कथित चलन बताया जा रहा है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और योगगुरु बाबा रामदेव के बीच जुबानी विवाद चर्चा में है। बाबा रामदेव ने सोमवार, 23 नवंबर को झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कुछ कथावाचकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ऐसे लोगों को 'पाखंडी', 'ढोंगी' और 'धूर्त' तक कह दिया। हालांकि रामदेव ने अपने संबोधन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके बयानों को हालिया राम-कृष्ण विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
'हिंदू धर्म बचाने की बात करते हैं, खुद को ही बचा लें'
महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम के प्रांतीय महासम्मेलन में बोलते हुए रामदेव ने कहा कि कुछ लोग न वेद पढ़ते हैं, न उपनिषद, न रामायण और महाभारत का ज्ञान रखते हैं। इसके बावजूद वे सनातन और हिंदू धर्म को बचाने की बात करते हैं।
उन्होंने ऐसे कथावाचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोगों को धार्मिक भावनाओं के नाम पर प्रभावित करते हैं, जबकि खुद को शास्त्रों का जानकार बताते हैं।
रामदेव ने मंच से कहा, 'कहते हैं हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त।'
भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराने का आरोप
रामदेव ने धर्म के नाम पर भूत-प्रेत बाधा और कथित चमत्कार दिखाने वालों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लोगों को डराकर और धार्मिक उन्माद पैदा करके उनका शोषण करते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बाल फैलाकर और कुछ नाटकीय गतिविधियां करके लोगों को भूत-प्रेत बाधा का डर दिखाया जाता है। बाद में पानी छिड़कने जैसी प्रक्रिया को उसका समाधान बता दिया जाता है।
रामदेव ने विशेष रूप से महिलाओं को ऐसे कथावाचकों से सावधान रहने की बात कही। उनका कहना था कि इस तरह के कथित पाखंड का सबसे ज्यादा शिकार महिलाएं होती हैं।
राम-कृष्ण की तुलना बनी नाराजगी की बड़ी वजह
रामदेव की नाराजगी का एक बड़ा कारण धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का हालिया बयान माना जा रहा है। दरअसल, 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कहा था कि उनके राम सीधे हैं, जबकि कृष्ण तीन जगह से टेढ़े दिखाई देते हैं।
इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद ब्रज क्षेत्र के संतों और यादव समाज के लोगों ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य राम और कृष्ण में भेद करना नहीं था। उन्होंने भावनाएं आहत होने पर माफी भी मांगी थी।
रामदेव ने इसी संदर्भ में कहा कि देवी-देवताओं की आपस में तुलना करना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि पहले माफी मांगना और फिर उसी तरह की टिप्पणी करना कैसी धार्मिक मर्यादा है।
पहले धीरेंद्र शास्त्री की तारीफ कर चुके हैं रामदेव
इस पूरे घटनाक्रम का दिलचस्प पहलू यह है कि बाबा रामदेव इससे पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तारीफ कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित रामकथा के दौरान रामदेव ने बागेश्वर बाबा का स्वागत किया था और उनकी सराहना की थी।
ऐसे में ताजा बयान को दोनों के बीच बदलते संबंधों के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि रामदेव ने इस बार भी धीरेंद्र शास्त्री का नाम लेकर सीधा आरोप नहीं लगाया है।
'सनातन के नाम पर ढोंग और पाखंड नहीं चलेगा'
रामदेव ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि सनातन धर्म के नाम पर आडंबर और पाखंड को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि गलत बातों का विरोध करना जरूरी है और जब समझाने से बात नहीं बनती तो सार्वजनिक मंच से बोलना पड़ता है।
उनके इस बयान के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और रामदेव को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि बागेश्वर बाबा इस पर कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।



