इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर स्कूली बस को यात्री बस ने मारी टक्कर, 19 घायल
धार के पीपलखेड़ा के पास इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर गुरुवार सुबह ओवरटेक कर रही निजी यात्री बस स्कूली बस से टकरा गई। हादसे में 19 लोग घायल हुए, सात को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे, जांच के आदेश दिए गए।

Audio tools for this article
हादसा कैसे हुआ
धार जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में पीपलखेड़ा फोरलेन पर गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक निजी यात्री बस ने स्कूली बस को पीछे से टक्कर मार दी। गौतम स्कूल की बस (एमपी-11 पी-0311) घाटाबिल्लोद की ओर विद्यार्थियों को लेने जा रही थी, तभी पीछे से आ रही यात्री बस (एमपी-11 जेडएफ-3137) ने उसे ओवरटेक करने का प्रयास किया।
दावा है कि तेज रफ्तार और ओवरटेक के लिए पर्याप्त जगह न मिलने के कारण यात्री बस स्कूल बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बसों से बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं। डायल-112, पुलिस वाहनों और निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल, धार पहुंचाया गया।
19 घायल, सात भर्ती
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन मुकुंद बर्मन के अनुसार हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए, जिनमें 15 महिलाएं, एक स्कूली छात्रा और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं। इनमें से सात घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, बाकी का उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घायलों में पार्वती (35), पायल (25), वीना (65), महिमा (14), ललिता (45), पार्वती (38), प्रिया (45), सोनू (29), बद्रीलाल (35), अंजलि (20), पलक (28), कुसुम (40), अनिल (27), विजय (46), शिखा (34), गगनबाई (40), सुभाष (78), जितेंद्र (38) और आशा (28) शामिल हैं।
कलेक्टर-एसपी अस्पताल पहुंचे, जांच के आदेश
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर हाल जाना। दोनों अधिकारियों ने चिकित्सकों से भी इलाज की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर राजीव मीणा ने कहा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस यात्री बस की तेज गति और ओवरटेकिंग के दौरान बरती गई सावधानी की भी जांच कर रही है।


