MP में इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन तेज, हमीदिया की OPD बंद; भोपाल में सड़क जाम, CM हाउस जाने वाला मार्ग रोका
भोपाल में विभिन्न मांगों को लेकर इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन जारी है। प्रदर्शन का असर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। हमीदिया अस्पताल की OPD बंद रही, जबकि पॉलीटेक्निक चौराहे से CM हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर एक तरफ का रास्ता बंद किया।

Audio tools for this article
भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन अब अस्पताल परिसर से निकलकर शहर की सड़कों तक असर दिखाने लगा है। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के कारण राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई है, वहीं मरीजों को भी इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हमीदिया की OPD बंद, मरीज परेशान
आंदोलन का सीधा असर हमीदिया अस्पताल की ओपीडी सेवाओं पर पड़ा। OPD बंद रहने से दूर-दराज के इलाकों से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल में परेशानी उठानी पड़ी।
स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने के साथ प्रदर्शन के आसपास के इलाकों में भी लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
प्रदर्शन के बीच CM हाउस मार्ग पर बैरिकेडिंग
डॉक्टरों के प्रदर्शन के चलते भोपाल की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पॉलीटेक्निक चौराहे की तरफ से CM हाउस जाने वाले मार्ग पर एहतियाती कदम उठाया।
पुलिस ने इस दिशा में एक तरफ का रास्ता बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया है। इसके चलते आसपास के मार्गों पर भी यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।
आंदोलन स्थल के पास कार में लगी आग
प्रदर्शन के दौरान आंदोलन स्थल के नजदीक एक कार में अचानक आग लगने की घटना भी सामने आई। कार में आग लगने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
डॉक्टरों को मिला कांग्रेस का समर्थन
इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। कांग्रेस नेता पीसी शर्मा प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत डॉक्टरों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों की मांगों का समर्थन किया।
फिलहाल डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को संभालने तथा मौके की स्थिति पर नजर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।



